
देहरादून । उत्तराखंड की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था रंगायन एसोसिएशन द्वारा आयोजित दस दिवसीय एक्टिंग कार्यशाला का शुभारंभ आज 15, सर्कुलर रोड, आचार्य नरेंद्र देव मार्ग, डालनवाला (वेल्हम्स गर्ल्स स्कूल के समीप) में संपन्न हुआ।
कार्यशाला का उद्घाटन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अभिनय और रंगमंच समाज को जागरूक करने तथा युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने रंगायन एसोसिएशन द्वारा निरंतर किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए कार्यशाला में भाग ले रहे प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

संस्था की अध्यक्ष निवेदिता बौंठियाल ने बताया कि 14 जून से 23 जून तक आयोजित इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को अभिनय, संवाद अदायगी, मंच संचालन, अभिव्यक्ति, शारीरिक मुद्राओं तथा रंगमंच की विभिन्न बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अभिनय के क्षेत्र में बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
