मुंबई : निर्देशक आकाशादित्य लामा की आगामी फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। रंग-बिरंगे गानों और आकर्षक पोस्टर्स के बाद सामने आए इस ट्रेलर में कॉमेडी, रोमांस, पारिवारिक रिश्तों और शादी की अफरा-तफरी का मनोरंजक मिश्रण देखने को मिलता है। ट्रेलर दर्शकों को एक ऐसी फैमिली एंटरटेनर की झलक देता है, जिसमें हंसी के साथ इमोशंस और कई मजेदार ट्विस्ट भी शामिल हैं।
एक दुल्हन, कई दूल्हे और दिलचस्प कहानी
फिल्म की कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके सामने शादी को लेकर समय की बड़ी चुनौती है। इसी बीच उसकी जिंदगी में कई संभावित दूल्हों की एंट्री होती है और शुरू होती है दूल्हे की तलाश की मजेदार कहानी। हास्य, भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों का संतुलन फिल्म को एक संपूर्ण फैमिली एंटरटेनर बनाता है।
24 जुलाई को होगी रिलीज
फिल्म में खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पियूष मिश्रा के अलावा ओंकार कपूर, लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स अगू स्टेनली चिएदोजी और बी.सी. आंटी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल द्वारा निर्मित ‘दुल्हनिया ले आएगी’ 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

